नई दिल्ली। आम आदमी को करारा झटका लगा है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI)ने इस साल लगातार पांचवीं बार रेपो रेट में 0.35 फीसदी बढ़ाने का ऐलान किया है। आरबीआई के मुताबिक, अब रेपो रेट (Repo Rate) 5.90 प्रतिशत से बढ़कर 6.25 प्रतिशत हो जाएगा। इस फैसले के साथ ही अब होम लोन (Home loan ) समेत सभी तरह के लोन महंगे हो जाएंगे। एमपीसी बैठक के बाद गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को नीतिगत दरें बढ़ाए जाने का ऐलान किया।
भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनिटरी पॉलिसी के बैठक के बाद गवर्नर शक्तिकांत दास ने रेपो दरों में इस साल लगातार पांचवीं बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके बाद होम लोन ऑटो लोन समेत सभी तरह का कर्ज महंगा हो जाएगा और लोगों को ज्यादा ईएमआई भरनी होगी। साल के आखिरी महीने में रेपो रेट में ताजा बढ़ोतरी के बाद दर 6.25 फीसदी पर पहुंच गई हैं।
इस साल केंद्रीय बैंक ने ब्याज दरों में कुल 2.25 फीसदी का इजाफा किया है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि हमारा लक्ष्य देश में महंगाई दर को 6 फीसदी के तय टारगेट के नीचे लाना है। भारतीय रिजर्व बैंक ने FY23 के लिए मुद्रास्फीति का पूर्वानुमान 6.7 पर बरकरार है। इसके साथ ही अगले 12 महीनों में मुद्रास्फीति दर 4% से ऊपर रहने की उम्मीद जताई गई है।

