बागपत। निवाड़ा गांव के वर्ग विशेष के युवक का हाईवे से अपहरण कर सिसाना गांव की गोशाला में बंधक बनाकर पिटाई की गई। जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बंधनमुक्त कराया और घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण दोनों गांवों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।
निवाड़ा गांव के रहने वाले आमिर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका भाई सुल्तान किसी काम से बागपत आया था। रविवार दोपहर सुल्तान ई-रिक्शा में बैठकर वापस जाने लगा। तभी दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविदास मंदिर के पास कार सवार युवक वहां आये और ई-रिक्शा रोककर उसके भाई का अपहरण कर कार में डालकर अपने साथ ले गये। जिसके बाद सिसाना गांव की गोशाला में ले जाकर उसके भाई सुल्तान को बंधक बनाकर पीटा गया।
उधर सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस सिसाना गांव पहुंची और युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। जिसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सीओ समेत पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। उधर मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण सिसाना और निवाड़ा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि युवक के साथ मारपीट की गई है, जिसमें मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

