प्रयागराज l Pryagraj news शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 10 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर हुआ, जब एक बोलेरो गाड़ी श्रद्धालुओं से भरी बस से टकरा गई।
हादसा कैसे हुआ?
घटना रात करीब 2 बजे की है, जब छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही बोलेरो, प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में मनु का पूरा गांव के पास बेकाबू हो गई। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आ गई, जिससे बोलेरो सामने से आ रही बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के निवासी थे। मृतकों में ईश्वरी प्रसाद जायसवाल, संतोष सोनी, भागीरथी जायसवाल, सोमनाथ, अजय बंजारे, सौरभ कुमार सोनी, गंगा दास वर्मा, शिवा राजपूत, दीपक वर्मा और राजू साहू शामिल हैं।
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
भीषण टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से बोलेरो में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बस में सवार 19 श्रद्धालु घायल
हादसे में बस में सवार 19 श्रद्धालु भी घायल हुए हैं, जो संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। ये सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को रामनगर के सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
जिलाधिकारी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में बोलेरो चालक को नींद की झपकी आना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

