नई दिल्ली। अभिनेता आमिर खान ने आखिरकार सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बेमियादी भूख हड़ताल पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह में उन्होंने वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि वह जल्द अपना अनशन समाप्त करेंगे।
सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस दौरान सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे थे कि वर्ष 2011 में अन्ना हजारे के आंदोलन का समर्थन करने वाले आमिर खान इस बार खामोश क्यों हैं। साथ ही कई लोगों ने फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ के किरदार ‘रैंचो’ (फुनसुख वांगडू) को सोनम वांगचुक से प्रेरित बताया।
हालांकि आमिर खान ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “जब हम ‘थ्री इडियट्स’ बना रहे थे, तब मैं सोनम वांगचुक को जानता तक नहीं था। फिल्म के लेखक राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी भी उस समय उन्हें नहीं जानते थे। इसलिए यह कहना कि रैंचो का किरदार उनसे प्रेरित था, पूरी तरह गलतफहमी है।”
आमिर ने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं और उनके कार्यों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के योगदान को सम्मान देने के लिए यह जरूरी नहीं कि वह किसी फिल्मी किरदार की प्रेरणा रहा हो।
गौरतलब है कि इससे पहले ‘थ्री इडियट्स’ में चतुर रामालिंगम का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता व्यक्त की थी। वहीं, स्वयं वांगचुक भी पहले कह चुके हैं कि फिल्म उनसे “प्रभावित” हो सकती है, लेकिन वह इसे पूरी तरह अपने जीवन पर आधारित नहीं मानते।

