भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएं : कुमारी शैलजा

dehradun city news

देहरादून । प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के संगठनात्मक कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों के अध्यक्षों सहित पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों की बैठकें आयोजित की गईं।

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पदाधिकारियों से कहा अपने-अपने संगठनों की कार्यकारिणी का शीघ्र गठन करें और प्रदेशभर का दौरा कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें। कहा आज भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता, युवा, किसान, मजदूर और महिलाएं बेहद परेशान हैं। बढ़ती बेरोजगारी, दलितों पर कथित अत्याचार और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर मजबूती से संघर्ष करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के सभी विभाग केवल कागजों तक सीमित न रहकर मैदान में सक्रिय रहें और सीधे संवाद स्थापित करें।

कुमारी शैलजा ने जानकारी दी कि प्रदेश कमेटी जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे, जो स्थानीय नेताओं के साथ समन्वय बनाकर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि चुनाव नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीते जाते हैं।

उन्होंने पदाधिकारियों से एकजुटता, अनुशासन और निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया। गोदियाल ने कहा कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का तथ्यात्मक विरोध करें और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। इस बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

advertisement at ghamasaana