बागपत। दीपावली की रात को कोर्ट रोड पर डाकखाने के पास दस्तावेज लेखकों के खोखों में आग लग गई। सूचना के मिलने के बाद करीब एक घंटे की देरी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। लापरवाही आलम यह रहा कि देर से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी का पानी ही खत्म हो गया। जिससे आग ने बिकराल रूप धारण कर लिया।
कोर्ट रोड पर डाकखाने के पास बिशंभर दयाल और अय्यूब अली के खोखे में दिवाली की रात आग लग गई। यह देखकर लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बावजूद वहां फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद पहुंची। जिससे आग काफी फैल गई। आग से डाकखाने में लगा एसी व विद्युत मीटर भी जल गए। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने एक घंटे बाद पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया तो कुछ देर बाद ही पानी खत्म हो गया। जिससे आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
फायर ब्रिगेड की इस लापरवाही के कारण आग नहीं बुझ सकी और दस्तावेज लेखकों के खोखे के पास में पेंटर के खोखे तक भी आग पहुंच गई। जिससे खोखे में रखी कई मशीन व अन्य सामान जल गया। इससे लोग भडक़ गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। वहां फायर ब्रिगेड व पुलिस कर्मियों के साथ नोकझोंक शुरू हो गई। वहां हंगामा बढ़ता देखकर पुलिस ने लोगों को किसी तरह से शांत कराया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो रहा है और पटाखे की चिंगारी व शॉटसर्किट से निकली चिंगारी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है।

