बुलंदशहर। पूर्व विधायक और भाजपा के जिला महामंत्री के बीच कहासुनी का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में भाजपा के जिला महामंत्री और पूर्व विधायक एक दूसरे से बाहर मिलने की बात कहते नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित और भाजपा के जिला महामंत्री गिरिराज सिंह के बीच नोंकझोंक हो रही है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो मंगलवार शाम अहमगढ़ क्षेत्र में एक शादी समारोह का है।
पूर्व विधायक गुड्डू पंडित का आरोप है कि कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा जिला महामंत्री की ओर से एक जाति विशेष के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। जब इसका विरोध किया गया तो उन्होंने कहा कि वह किसी भी जाति के ठेकेदार नहीं हैं। वहीं भाजपा के जिला महामंत्री का आरोप है कि जब वह कार्यक्रम में पहुंचे और कार्यक्रम आयोजक से मुलाकात की तो पूर्व विधायक ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को लेकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इसका विरोध किया तो उन्होंने बाहर मिलने की धमकी दी। हालांकि मामले में किसी भी नेता की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।

