युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, शव श्मशान घाट में मिला

muzaffarnagar crime news

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहडब्बर में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 37 वर्षीय अमित की गला रेतकर हत्या की गई, जिसका शव बुधवार सुबह गांव के श्मशान घाट में पड़ा मिला। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का शक जताया है।

मंगलवार रात अमित के परिवार में शादी समारोह था, जिसमें वह शामिल हुआ था। देर रात वह घर के लिए निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। जब सुबह तक उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के श्मशान घाट में अमित का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

घटना की सूचना पर सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि परिजनों ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है, लेकिन एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

गांव में इस निर्मम हत्या के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अमित की किसी से रंजिश नहीं थी, ऐसे में यह हत्या क्यों और किसने की, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही हत्यारे को पकड़ने का दावा कर रही है।

advertisement at ghamasaana