बागपत में सरे शाम युवक की गोली मारकर हत्या

bagpat crime news
0 0

बागपत। रठौडा गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की खबर लगते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रठौडा गांव में सुबह से ही लोग अपने होली के त्यौहार में मस्त थे। अचानक शाम के समय गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि गांव का रहने वाला अमित उपाध्याय (35) पुत्र बुद्धू उपाध्याय पानीपत में प्राइवेट नौकरी करता था। होली पर वह गांव में आया हुआ था।

शुक्रवार सुबह से ही वह होली खेलने में मस्त था। शाम के समय गांव के ही दो व्यक्तियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण शुक्रवार सुबह दो पक्ष में झगड़ा होना बताया गया है। बताया गया कि गांव में सुबह के समय कुछ लोग होली त्यौहार को लेकर परिक्रमा कर रहे थे, तभी मृतक का झगड़ा गांव के ही एक युवक सागर पुत्र संजीव से हो गया। बताया गया कि उसी का बदला ले लेने के लिए शाम के समय दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और घर में घुसकर उसकी तमंचे से दो गोली मार दी, जिससे अमित उपाध्याय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने उच्च अधिकारियों के आने तक पुलिस को शव नही उठाने दिया। मृतक का शव गांव में ही पड़ा हुआ था। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

advertisement at ghamasaana