पंजाब में सीएम उम्मीदवार का एलान करेगी आप

नई दिल्ली। ओपिनियन पोल्स में पंजाब की सत्ता हासिल करती दिख रही आम आदमी पार्टी ने अब नया दांव चलने का फैसला लिया है। पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल का कहना है कि अगले सप्ताह आम आदमी पार्टी पंजाब में अपने सीएम कैंडिडेट का ऐलान करेगी। यदि ऐसा होता है तो विधानसभा चुनाव में उसे बड़ी बढ़त मिलेगी और उसके पास सत्ताधारी कांग्रेस को घेरने का मौका होगा।

भले ही कांग्रेस सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की लीडरशिप में लड़ रही है, लेकिन अब तक वह यह ऐलान करने से बची है कि इलेक्शन के बाद किसे मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। ऐसे में सीएम फेस घोषित करके आम आदमी पार्टी के पास बढ़त हासिल करने का मौका होगा।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ में कहा, ‘मैं पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है तो फिर कानून व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा। इसके अलावा बेअदबी के सभी मामलों में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। पीएम समेत सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। हम अगले सप्ताह राज्य में अपने सीएम फेस का ऐलान करेंगे।’ हालांकि अरविंद केजरीवाल ने यह नहीं बताया कि राज्य में किसे सीएम फेस बनाने की तैयारी है। लेकिन आप सूत्रों के मुताबिक इस रेस में भगवंत मान का नाम सबसे आगे चल रहा है।

advertisement at ghamasaana