हरिद्वार। मंगलौर में दवाई लेकर घर लौट रही दुष्कर्म पीड़िता युवती पर आरोपी ने तेजाब फेंक दिया। बताया गया है कि हाथ पर तेजाब डाला गया है। पुलिस ने युवती को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे कोरोनेशन अस्पताल देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। हालांकि, अभी तक मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी एक युवती ने करीब दो सप्ताह पूर्व पुलिस को तहरीर देकर एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने युवक रहीस हैदर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। आरोप है कि शनिवार की देर रात को करीब दस बजे युवती घर के पास में ही चिकित्सक से दवाई लेकर लौट रही थी।
इसी दौरान आरोपी ने उस पर एसिड अटैक कर दिया। अचानक हुए एसिड अटैक से युवती झुलस गई और आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से उसे रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सिविल अस्पताल रुड़की के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डा. भानु प्रताप शाक्य ने बताया कि युवती की बांह पर तेजाब डला था। युवती खतरे से बाहर थी। जरूरी उपचार देने के साथ ही युवती को कोरेनेशन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था।

