बागपत में युवती की हत्याकर शव खेत में फेंका

bagpat murder

बागपत। चांदीनगर मुबारिकपुर-ढिक़ौली मार्ग पर ईंख के खेत में एक युवती का शव पड़ा मिला। युवती के गले पर निशान थे, जिससे उसकी हत्या किए जाने की बात कही जा रही है। इसकी सूचना पर पहुंची खेकड़ा थाना पुलिस ने शव की शनाख्त का प्रयास किया, लेकिन उसकी शनाख्त नहीं होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे तो मंगलवार दोपहर को मुबारिकपुर के विजय पुत्र नंदकिशोर के ईंख के खेत मे एक युवती का शव पड़ा हुआ देखा। किसानों ने ग्रामीणों व पुलिस को इसकी जानकारी दी तो वहां काफी भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस भी पहुंच गई। सीओ खेकड़ा युवराज सिंह भी वहां पहुंचे और युवती के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।

उसके बाद भी युवती की शनाख्त हो सकी। युवती की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है और उसके गले पर निशान को देखते हुए उसकी हत्या किए जाने की बात कही जा रही है। सीओ युवराज सिह का कहना है कि खेत के पास गाड़ी के टायर के निशान देखकर लग रहा है कि युवती की बाहर हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर डाल दिया गया। युवती के पोस्टमार्टम व शनाख्त के बाद पूरी स्थिति साफ हो गी और पुलिस इसकी जांच कर रही है।

advertisement at ghamasaana