नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद किसानों ने गाजीपुर बार्डर खोल दिया है। इस मामले में भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों ने बार्डर नहीं बंद किया था।
भारतीय किसान संघ के नेता राकेश टिकैत सहित किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर फ्लाईओवर के नीचे दिल्ली जाने वाली सर्विस लेन को खोल दिया है, किसानों ने सबसे पहले इसी रास्ते को रोका था, खोलने का फैसला मामला सुप्रीम कोर्ट में जाने के बाद लिया गया है।
सड़क पर आगे दिल्ली पुलिस के बेरिकेड लगे हुए हैं, जिससे रास्ता बंद है. राकेश टिकैत का कहना है कि अब दिल्ली पुलिस ही जाने, कि रास्ते का आगे क्या करना है. जब टिकैत से पूछा गया कि आप ये टैंट क्यों हटा रहे हैं? तो उन्होंने कहा, ‘दिल्ली जाना है हमें.’ जब उनसे पूछा गया कि क्या आप रास्ता खोल रहे हैं? तो उन्होंने कहा, ‘हमने कहां रास्ता रोका है, रास्ता पुलिस ने रोका हुआ है. इन्होंने (पुलिस) कहा तुम भी हटा लो, हम भी हटा रहे हैं.’ उनसे पूछा गया कि क्या किसान रास्ता पूरा खोलेंगे, तो टिकैत ने कहा, ‘हां पूरा खोलेंगे.’

