नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हेलीकॉप्टर को मुजफ्फरनगर के लिए उड़ान भरने की इजाजत मिल गई है, जिसके चलते मुजफ्फरनगर में इंतजार कर रहे समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राजधानी दिल्ली में उनके हेलीकॉप्टर को रोक लिया है और उन्हें मुजफ्फरनगर के लिए उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी जा रही है। हालांकि तकरीबन आधे घंटे बाद ही उन्होंने एक अन्य ट्वीट के जरिए बताया कि उन्हें अब राजधानी दिल्ली से उड़ान भरने की इजाजत मिल गई है।
इससे पहले अखिलेश यादव ने ट्विटर पर ट्वीट किया कि मेरे हेलीकॉप्टर को अभी तक बिना किसी कारण बताएं दिल्ली में रोककर रखा गया है और मुझे मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है, जबकि भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं। उन्होंने लिखा है कि हारती हुई भाजपा की यह हताशा भरी साजिश है। जनता सब समझ रही है।

