ऋषिकेश। स्वर्गश्राम स्थित गीता भवन परिसर में बृहस्पतिबार को बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग करने के बाद फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने देर शाम परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती के साथ मिलकर गंगा आरती की। आरती से पहले उन्होंने परमार्थ निकेतन की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
बीते 26 व 27 मार्च को परमार्थ निकेतन परिसर में फ़िल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन, अभिनेत्री रश्मिका मंदाना, सह अभिनेता सुनील ग्रोवर और अन्य कलाकारों ने परमार्थ निकेतन की यज्ञशाला, आश्रम परिसर और बगीचों में फ़िल्म के लिए सीन दिए।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि अमिताभ बच्चन ने अपनी फिल्मों के माध्यम से अनेक कीर्तिमान स्थापित किये। बच्चन परिवार ने भारत और भारतीय संस्कृति को गौरवान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
हरिवंश राय बच्चन जीवन और यौवन, सत्य और सौन्दर्य तथा प्रेम के अप्रतिम कवि थे। जिन्होंने भारतीय काव्य और साहित्य में उत्कृष्ट योगदान दिया। हरिवंश राय बच्चन 20 वीं सदी के महान कवि थे। जिनकी कवितायें आज भी हर उम्र के लोगों के दिल को छू लेती हैं। उन्होंने हिंदी साहित्य में अविस्मरणीय योगदान दिया और आज 21 वीं सदी में उनके सुपुत्र अमिताभ बच्चन की अदाकारी की पूरी दुनिया कायल है । वे एक दिग्गज अभिनेता है। बच्चन ने भारतीय सिनेमा जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूरे विश्व में लोग आज भी उनकी प्रतिभा के कायल हैं।
स्वामी ने कहा हमारा उत्तराखंड फिल्मों के लिये बेस्ट डेस्टिनेशन है। यहां पर बेस्ट स्पिरिचुअल डेस्टिनेशन, बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन, बेस्ट एडवेंचर डेस्टिनेशन और हिमालय की पवित्र वादियाँ व माँ गंगा का पावन तट अपने आप में एक बेस्ट डेस्टिनेशन है जो की अब दुनिया के सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन में से एक बनता जा रहा है। अब तक उत्तराखंड में अनेक फिल्मों की शूटिंग की जा चुकी है और आगे भी हमें अपने प्यारे प्रदेश को दुनिया का बेस्ट डेस्टिनेशन बनाये रखने के लिये हमें पहाड़ों की संस्कृति, संस्कारों के जीवंत बनाये रखने के साथ इस प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाये रखना होगा।गंगा आरती के दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चनको रूद्राक्ष का पौधा, रूद्राक्ष की माला और सद्साहित्य भेंट किया।

