नई दिल्ली। सोनी टीवी के मशहूर शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 13वें सीजन का रोमांच चरम सीमा पर है। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन का हर एपीसोड में शानदार और निराला अंदाज देखने को मिलता है। ऐसा ही जुदा लेकिन रोचक अंदाज अमिताभ का गुरुवार को देखने को मिला, जहां उन्होंने बातों-बातों में अपना डाइट चार्ट लोगों को बता दिया।
दरअसल गुरुवार के एपिसोड में नजफगढ़ के सुमित कौशिक हॉटसीट पर थे, जो कि दिल्ली के आर्मी बेस हॉस्पिटल में हाउसकीपिंग स्टाफ में काम करते हैं। गेम के दौरान सुमित ने बताया कि समोसा उनकी कमजोरी है, वो उसके बिना नहीं रह सकते हैं।
इसके बाद शो में सुमित के साथ कंपेनियन के रूप में आई उनकी मां ने भी अमिताभ से खाने-पीने को लेकर बातें की। सुमित और उनकी मां दोनों ने अमिताभ को अपने घर पर आमंत्रित किया और कहा कि वो जब उनके घर आएंगे तो वो दोनों उनके मन का खाना बनाएंगे।
मैं आपको राजमा-चावल खिलाऊंगी’
सुमित की मां ने अमिताभ से पूछा कि उन्हें खाने में क्या पसंद है? जिस पर अमिताभ ने कहा कि ‘मैं तो शाकाहारी इंसान हूं। सिंपल दाल-चावल, रोटी और आलू की सब्जी खाता हूं।’ इस पर सुमित की मां ने उनसे पूछा कि क्या आपको राजमा-चावल पसंद है? जिस पर अमिताभ ने ‘हां’ कहा। इसके बाद सुमित की मां ने कहा कि ‘ठीक है अब आप जब भी मेरे घर आएंगे तब मैं आपको राजमा-चावल खिलाऊंगी।’ इस पर अमिताभ बच्चन मुस्कुराए बिना नहीं रह पाए।
आपको बता दें कि 79 बरस के अमिताभ की फिटनेस आज के युवाओं को भी चुनौती देती हैं। शायद उनकी सिंपल डाइट और नियमित एक्सरसाइज ही उनकी चुस्ती-फुर्ती का राज है वरना उनकी उम्र के लोगों का तो चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है।

