लखनऊ। कोरोना की रोकथाम के उद्देश्य से सोमवार से एक महत्वपूर्ण अभियान प्रारम्भ हो रहा है। 29 जनवरी तक के इस प्रदेशव्यापी अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की टीम घर-घर दस्तक देंगी।
लक्षणयुक्त और संदिग्ध मरीजों को निःशुल्क मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि आवश्यकतनुसार लोगों के टेस्ट किए जाएं।उन्होंने कहा कि टीकाकरण से वंचित लोगों को चिन्हित कर तत्काल उन्हें टीकाकवर दिया जाए। इसके अलावा नियमित टीकाकरण से छूट गए नवजात बच्चों की लाइन लिस्टिंग भी की जाए।
परिवार के हर सदस्य के स्वास्थ्य का हाल-चाल लिया जाए। इस महत्वपूर्ण अभियान की शासन स्तर से दैनिक मॉनिटरिंग की जाए।उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों में 01 लाख 86 हजार कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 11,159 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
इसी अवधि में 10,836 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन औए टीकाकरण कोरोना से बचाव का सबसे सहज माध्यम है। इसका अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

