नाराज प्रेमिका ने प्रेमी से मिलने के लिए कर लिया उसके छोटे भाई का अपहरण

बुलंदशहर। छतारी के गांव हिम्मतगढ़ी से छह दिन पूर्व छह वर्षीय मासूम डोरीलाल का उसके भाई की प्रेमिका ने अपहरण किया था। पुलिस ने रविवार को बच्चे को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी युवती, उसके प्रेमी समेत तीन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि युवती ने प्रेमी से मिलने के लिए उसके छोटे भाई का अपहरण किया था।

एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गांव हिम्मतगढ़ी से मासूम डोरीलाल शाम छह बजे अचानक लापता हो गया था। काफी तलाशने के बाद भी मासूम का कोई सुराग नहीं लगा। थाना पुलिस ने बड़े भाई धीरा की तहरीर पर अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए मासूम की बरामदगी के लिए दो टीमों को लगाया था। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव ऐचोरा निवासी पिंकी अपहृत डोरीलाल के बड़े भाई जीरालाल के संपर्क में थी। दोनों का काफी मिलना-जुलना भी था। करीब पांच माह से जीरालाल हरियाणा मे नौकरी करने चला गया था। जिसके चलते पिंकी उससे नाराज थी।

पिंकी ने अपने भांजे लवकेश निवासी हिम्मतगढ़ी के साथ मिलकर मासूम डोरीलाल के अपहरण की योजना बनाई। जिससे जीरालाल को वापस बुलाया जा सके। 15 फरवरी को लवकेश ने मासूम डोरीलाल का अपहरण कर पिंकी के सुपुर्द कर दिया। छतारी पुलिस ने रविवार सुबह डिबाई दोराहे पर डोरीलाल को 2 लोगों के साथ देखा तो उन्हें पकड़ लिया। दोनों आरोपियों की शिनाख्त पिंकी और उसके भांजे लवकेश के रूप में हुई। मामले की पूछताछ में बड़े भाई जीरा लाल का नाम भी सामने आया।

बड़े भाई को थी अपहरण की जानकारी
पिंकी ने जीरालाल को पूरे मामले से फोन कर अवगत करा दिया था, लेकिन आरोपी जीरालाल ने न तो परिजन और न ही पुलिस को सूचना दी। आरोपी जीरालाल भी परिजनों को गुमराह कर रहा था। पुलिस को गुमराह करने के आरोप में जीरा लाल को गिरफ्तार किया है।

advertisement at ghamasaana