महिलाओं को स्वरोजगार के काबिल बना रहा तल्ला रामगढ़ का अरविंद आश्रम

नैनीताल। तल्ला रामगढ़ स्थित मधुबन श्री अरविंद आश्रम पर्वतीय क्षेत्रों की महिलाओं और बालिकाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ उनकी आजीविका को बढ़ाने के लिए काम कर है। अरविंद आश्रम लंबे समय से तल्ला रामगढ़ समेत अन्य गांवों की बालिकाओं और महिलाओं को शिक्षा, ऐपण, ऊनी कपड़ों सहित हस्तशिल्प उत्पादों का प्रशिक्षण दे रहा है। साथ ही उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का काम भी कर रहा है ताकि पहाड़ की महिलाएं और युवतियां समाज में खुद को एक अलग पहचान दिलाने के साथ अपनी आजीविका से परिवार का खर्चा चला सके। इसमें मधुवन श्री अरविंद आश्रम दिल्ली ब्रांच की डायरेक्टर डॉ. अंजू खन्ना और तारा दीदी की अहम भूमिका है जो लगातार महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर हर क्षेत्र में आगे लाने का प्रयास कर रहीं हैं। इसके लिए वह उन्हें शिक्षा समेत हस्तशिल्प पहाड़ी उत्पादों का प्रशिक्षण दिलाकर आगे ला रहीं हैं।

तल्ला रामगढ़ के मधुबन श्री अरविंद आश्रम दिल्ली ब्रांच की ओर से 9 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद मंगलवार को औरो उत्सव मनाया गया। इस मेले में पहाड़ी उत्पादों का स्टाल लगाया गया, जिसमें महिलाओं ने ऐपण, शृंगार, ऊनी कपड़ों, नमक, आचार, जैम, जूस, रिंगाल से बनी टोकरियों समेत अन्य उत्पादों के स्टाल लगाए गए।

मल्ला रामगढ़ की भावना साह और खुशबू भट्ट ने मंदिरों में रखे जाने वाले चौके-चौकी पर ऐपण की कला को दिखाया। उन्होंने बताया कि अरविंद आश्रम की पहल से उन्हें अपनी कला को दिखाने का मौका मिला। साथ ही हेमा आर्या, दीपा आर्या ने अपने बनाए गर्म ऊनी कपड़ों, मोजे, बनियान का स्टाल लगाया। वहीं भीमताल विनायक के लीलाधर ने रिंगाल से तैयार टोकरियों का स्टाल लगाया। मेले में पहुंचे लोगों ने पहाड़ी उत्पाद खरीदे। महिलाओं ने कहा कि मधुवन श्री अरविंद आश्रम की मदद से उन्हें आगे आने का मौका मिला है।

advertisement at ghamasaana