मुजफ्फरनगर: प्यार, धोखा, पहचान छिपाना और फिर लाखों रुपये की ठगी, ये केवल इतना सा मामला नहीं है बल्कि यह लव जिहाद से भी जुड़ता है। इसका सिलसिला रुक नहीं रहा है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। नोएडा में रहने वाली और मूल रूप से मुजफ्फरनगर की एक भाजपा महिला नेता को एक मुस्लिम युवक ने अपना हिंदू नाम बताकर न सिर्फ प्रेमजाल में फंसाया, बल्कि शादी के नाम पर धर्म परिवर्तन कराकर लाखों रुपये की ठगी भी कर ली।
धोखे का शिकार हुई पीड़िता ने हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार के साथ मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है।
रिजॉर्ट की मुलाकात से शुरू हुआ ‘राजीव बालियान’ का खेल
पीड़िता ने एसएसपी को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि यह कहानी साल 2016 में शुरू हुई थी। मुजफ्फरनगर के मेरठ रोड स्थित एक रिजॉर्ट में उसकी मुलाकात मोरना निवासी अशफाक से हुई थी। अशफाक ने उस वक्त महिला के सामने अपनी पहचान ‘राजीव बालियान उर्फ राजू’ के रूप में दी। खुद को अनाथ बताकर उसने महिला का भरोसा जीता और धीरे-धीरे उनके बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
कलियर शरीफ में निकाह और जबरन मांस खिलाने का आरोप
साल 2017 में आरोपी ने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। उसने चालाकी से महिला को झांसा दिया कि वह हिंदू रीति-रिवाज से दूसरी शादी नहीं कर सकता। इसके बाद वह महिला को रुड़की स्थित कलियर शरीफ ले गया, जहां मुस्लिम रीति-रिवाज से दोनों का निकाह कराया गया।
वहां जाकर महिला को सच पता चला कि उसका नाम राजीव नहीं बल्कि इशफाक है। निकाह के दस्तावेजों में आरोपी ने महिला का नाम बदलकर ‘नूरजहां’ दर्ज करवा दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे झूठ बोलकर जबरन मांस भी खिलाया और उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई।
मकान के नाम पर 30 लाख की ठगी, सोशल मीडिया पर हिंदू नेताओं संग तस्वीरें
महिला ने पुलिस को बताया कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उससे अलग-अलग समय पर मकान निर्माण और अन्य बहानों से करीब 30 लाख रुपये ठग लिए।
इतना ही नहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया कि अशफाक सोशल मीडिया पर खुद को हिंदू साबित करने के लिए हिंदू धार्मिक गुरुओं और प्रमुख राजनेताओं के साथ तस्वीरें पोस्ट करता है। वह इसी तरह फर्जी हिंदू पहचान का इस्तेमाल कर अन्य महिलाओं को भी गुमराह कर रहा है।
पीड़ित महिला नेता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी अशफाक और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।

