बुआ बनी हत्यारिन, दो मासूम भतीजों को लकड़ी के पटरे से पीटकर मार डाला

crime

प्रयागराज। बंदायू के बाद प्रयागराज में भी दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां बुआ ने अपने दो मासूम भतीजों को लकड़ी के फट्टे से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद फरार हो गई। दो बच्चों की मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बुआ की तलाश शुरू कर दी है।

घटना प्रयागराज में यमुना नगर के मेजा थाना क्षेत्र के हरगढ़ गांव की है। यहीं संजय भारतीय का परिवार रहता है। संजय मुंबई में काम करता है। उनके साथ संजय की बहनं पूजा भी रहती है। बताया जा रहा है कि पूजा की मानसिक हालत ठीक नहीं है। इसीलिए वह सुसराल छोड़कर मायके में ही रहती है। उसका अक्सर उसकी भाभी से झगड़ा होता रहता है।

इसी तरह झगड़े के बाद पूजा की दिमागी हालत और बिगड़ गई। वह वहां से उठकर चली गई। वहां उसे उसके भतीजे 3 साल का अवि और 6 साल का लकी खेलता हुआ मिल गया। उन्हें देखकर पूजा का गुस्सा और बढ़ गया। भाभी केा सबक सिखाने के लिए उसने पास में पड़ा लकड़ी का पटरा उठा लिया और दोनों भतीजों पर वार करना शुरू कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पूजा वहां से फरार हो गई।

परिजनों के जब इसकी जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। दो बच्चों की मौत से घर में कोहराम मच गया। इस बीच किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। डीसीपी यमुना नगर श्रद्धा एन पांडेय ने बताया कि बच्चों के दादा की तहरीर पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जानकारी बच्चों के पिता संजय को भी दे दी गई है। आरोपी महिला की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

advertisement at ghamasaana