बाराबंकी : औसानेश्वर महादेव मंदिर में भगदड़, करंट लगने से 2 की मौत, 29 श्रद्धालु घायल

barabanki news

Barabanki Aausaneshwar Mandir Tragedy बाराबंकी l सावन के तीसरे सोमवार को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद स्थित प्रसिद्ध औसानेश्वर महादेव मंदिर में दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 2 बजे जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। यह भगदड़ उस समय हुई जब मंदिर परिसर में करंट फैल गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना तब घटी जब बंदरों की उछल-कूद के दौरान एक बिजली का तार टूटकर मंदिर परिसर के ऊपर बने टिन शेड पर गिर गया। इसके बाद पूरे परिसर में करंट फैल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालु जलाभिषेक कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। कई लोग शेड और उसके आसपास खड़े थे, जिन्हें करंट का झटका लगा। इसके बाद लोगों में भगदड़ मच गई।

मृतकों और घायलों की पहचान

अब तक जिन दो लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान कर ली गई है। घायलों में कई महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

प्रशासन का रुख

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, एसपी और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंदिर परिसर को खाली करवा दिया गया है और इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। जांच के आदेश दे दिए गए हैं और बिजली विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

सावन में उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

सावन का पवित्र महीना होने के कारण औसानेश्वर महादेव मंदिर में हर सोमवार हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। लेकिन इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा और बिजली प्रबंधन की कमी इस हादसे का कारण बनी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर प्रशासन और प्रशासनिक अमले ने पहले से कोई ठोस इंतजाम नहीं किए थे।

advertisement at ghamasaana