
लखनऊ। सूबे के जिले गाजियाबाद में पत्नी से विवाद के बाद बीच सड़क पर उसकी गोली मारकर हत्या करने वाले पति को 9 साल के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इतने साल से ओडिशा में छिपा हुआ था।
गाजियाबाद के एसपी सिटी सेकंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि 29 सितंबर 2012 को वसुंधरा में गीता नाम की महिला की हत्या उसके ही पति ने की थी।इस मामले में टीम ने ओडिशा पुलिस की मदद से आरोपी को जगतसिंहपुर (ओडिशा) से गिरफ्तार किया। पुलिस की गिरफ्त में आए शख्स का नाम मनोरंजन है। आरोपी पर आईजी रेंज की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
इस दौरान वह पुजारी बनकर छिपा हुआ था।वह लोगों के घरों में पूजा-पाठ करवाया करता था। पत्नी से संबंध खराब होने पर मारी थी गोलीसीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि वह गाजियाबाद में रहता था और कलर लैब चलाता था। 2007 में उसकी गीता से शादी हुई थी।
2010 में विवाद के बाद वह उससे अलग हो गई।इसके बाद वह किसी अन्य व्यक्ति से मिलने-जुलने लगी थी। इसी से नाराज होकर उसने घर लौटते वक्त अपनी पत्नी को गोली मार दी थी। इस मामले में मृतका के भाई की तरफ से मुकदमा दर्ज करवाया गया था। तभी से वह फरार चल रहा था।