भाजपा में शामिल हुए भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा

bjp nainital

नैनीताल। जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को उन्होंने नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौजूद रहे। इस दौरान उनकी पत्नी ओखलकांडा ब्लॉक की प्रमुख कमलेश कैड़ा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

आपको बता दें कि पिछले दो माह में बीजेपी में शामिल होने वाले यह तीसरे विधायक हैं। इससे पहले एक निर्दलीय विधायक और एक कांग्रेस के विधायक राजकुमार ठुकराल भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

भीमताल सीट से वर्ष 2017 में निर्दलीय विधायक बने राम सिंह कैड़ा प्रदेश में चर्चाओं में आने के साथ भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की नजरों में भी आए थे। कैड़ा ने अपनी विधानसभा में विकास कार्यों के लिए अपने चार सालों में भाजपा के साथ तालमेल बनाए रखा।

वहीं कैड़ा के साथ भीमताल विधानसभा के कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी भाजपा शामिल हुए हैं। बता दें कि  राम सिंह कैड़ा की पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद अजय भट्ट से नजदीकियां रही हैं। 

भाजपा में शामिल होने पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है जो एक परिवार की तरह अपने कार्यकर्ताओं को जोड़े रखती है और सबका ध्यान रखती है। भाजपा में शामिल होने के बाद वह पार्टी के कार्यकर्ताओं का वैसे ही सम्मान करेंगे, जैसे वह अब तक करते आए हैं। वह पार्टी की मजबूती के साथ ही हर कार्यकर्ता की भावनाओं का ध्यान रखते हुए सभी काम करेंगे।

advertisement at ghamasaana