बस्ती। दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में दोनों बाइक चालकों की मौत हो गई। वहीं एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा रविवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के ओपेक हॉस्पिटल कैली के सामने हुई। नगर थाना क्षेत्र के देवापार चैनपुरवा निवासी नवीन कुमार 22, बाइक से कोतवाली थाना क्षेत्र के जखनी बारात में शामिल होने जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ गांव के ही सतीश 20 और अर्चित 22 भी सवार थे।
ओपेक हॉस्पिटल कैली के पास स्थित एसबीआई के सामने विपरीत दिशा से दूसरी बाइक से अपनी पुत्री सोनी के साथ शहर से गांव आ रहे लालगंज थाना क्षेत्र के चंगेरवा निवासी फूलचंद यादव 51 आ रहे थे। दोनों बाइकों की आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे में नवीन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार फूलचंद यादव ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। बाइक सवार फूलचंद की पुत्री और दूसरी बाइक पर सवार सतीश, अर्चित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

