शामली। झिंझाना कस्बे में बुधवार देर रात मुखबिरी के शक में पूर्व सभासद के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मोहल्ला ताड़वाला निवासी पूर्व सभासद दिलदार सैनी की घर से कुछ दूरी पर ही कंफेक्शनरी की दुकान है। बुधवार रात करीब दस बजे दुकान बंद करके वह 20 वर्षीय पुत्र विकास के साथ घर जा रहे थे। घर के पास ही पड़ोस के कुछ लोगों ने विकास को आवाज लगाकर रोक लिया। दिलदार घर के अंदर चले गए।
आरोप है कि विकास से बात कर रहे लोगों ने उसके सिर से तमंचा सटाकर गोली मार दी और फरार हो गए। विकास को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विकास ने सट्टे की खाईबाड़ी करने वाले लोगों की शिकायत पुलिस से की थी। जिसकी वजह से उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

