सहारनपुर । देवबंद में इस्लामी तालीम के प्रमुख केंद्र दारुल उलूम ने नवीन सत्र में तकमील इफ्ता कक्षा मुफ्ती के कोर्स में प्रवेश के लिए राज्य कोटे को समाप्त कर दिया है। शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए एलान जारी किया गया है। कोटे की व्यवस्था समाप्त होने के बाद अब सर्वोच्च अंक वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
दारुल उलूम प्रबंधतंत्र ने तकमील इफ्ता में प्रवेश के लिए राज्य कोटा निर्धारित किया हुआ था। जिसके चलते सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र प्रवेश लेने से वंचित रह जाते थे। लेकिन अब नवीन सत्र में प्रवेश पाना उन छात्रों के लिए आसान हो जाएगा जो मेहनत कर अच्छे अंक प्राप्त करते थे। क्योंकि दारुल उलूम ने तकमील इफ्ता कक्षा के लिए राज्य कोटे की पूर्व व्यवस्था को समाप्त कर दिया है।
शिक्षा प्रभारी मौलाना हुसैन अहमद हरिद्वारी ने बताया कि पूर्व में इस कक्षा में दाखिले राज्य कोटे की बुनियाद पर होते थे। जिसकी वजह से कम नंबर वाले छात्र प्रवेश पा जाते थे। जबकि सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते थे। मौलाना हुसैन अहमद हरिद्वारी ने बताया कि अब इफ्ता में प्रवेश के लिए राज्य कोटे को समाप्त कर दिया गया। सर्वोच्च अंक वाले छात्रों को ही अब प्राथमिकता दी जाएगी।

