पटना। Bihar crime बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को सुबह परिवार के सदस्य को छोड़ने गए थे। तभी बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि पहले उनसे हमलावरों ने सोने की चेन छीनने की कोशिश की, जब उन्होंने विरोध किया तो उनको गोली मार दी।

बताया जा रहा है कि 55 वर्षीय भाजपा नेता श्यामसुंदर शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा के घर रविवार को कार्यक्रम था। जिसमें कई मेहमान आए हुए थे। सोमवार सुबह वह अपने एक मेहमान को छोड़ने गए थे। वहां से लौटते समय वह सड़क के किनारे ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान बाइक पर पहुंचे दो अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।

इसके बाद आरोपी आराम से फरार हो गए। इतना ही नहीं जाते समय हमलावर मुन्ना शर्मा का मोबाइल फोन छीनकर ले गए। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने पहले उनसे चेन छीनने की कोशिश की थी, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने गोली मार दी। हालांकि मुन्ना शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा ने बताया कि हमलावरों ने चेन और पैसे नहीं छीने। राहुल ने बताया कि गोली लगने से घायल पिता को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज ले गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।