लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव होने वाले हैं ऐसे में भारतीय जनता पार्टी(BJP ) ने एक और लिस्ट जारी की है।
बीजेपी ने इस लिस्ट में 91 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। बीजेपी अब तक 287 विधान सभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है।
बीजेपी ने इलाहाबाद पश्चिम से सिद्धार्थनाथ सिंह, देवरिया सदर सीट से शलभमणि त्रिपाठी, प्रयागराज दक्षिण से नंदगोपाल नंदी, बाबागंज से केशव पासी, पट्टी से राजेंद्र प्रताप सिंह, मंझपुर से लाल बहादुर, फाफामऊ से गुरुप्रसाद मौर्य, फूलपुर से प्रवीण कुमार पटेल, मेजा से नीलम करवरिया, अयोध्या के बीकापुर से अमित चौहान और रुदौली से रामचंद्र यादव को टिकट दिया है।
बता दें शलभमणि त्रिपाठी पत्रकार रह चुके हैं। उन्होंने साल 2016 में बीजेपी ज्वाइन की थी। इसके बाद से ही वह बीजेपी संगठन में प्रदेश प्रवक्ता पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उम्मीदवारों की इस सूची की जानकारी बीजेपी ने ट्वीट कर दी।
पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के लिए निम्नलिखित प्रत्याशियों के नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है.’ बीजेपी ने पांचवें चरण के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। इससे पहले 206 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो चुकी है।

