बागपत । सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के मैदान में आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष का नेता बंदर की तरह व्यवहार कर रहा है, जो कभी इधर तो कभी उधर कूदता रहता है। बृजभूषण ने कहा कि देश की वर्तमान दुर्दशा को देखकर उन्हें अत्यंत दुख होता है।

बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस के युवा नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के युवा नेता अब 55 वर्ष के हो चुके हैं, लेकिन उनकी परिपक्वता अब भी सवालों के घेरे में है। उन्होंने भावुक होते हुए याद किया कि उनके बाबा वर्ष 1952 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके पूर्वजों की पार्टी रही है, लेकिन आज जिस तरह की राजनीति वहां हो रही है, उसे देखकर मन व्यथित हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि विपक्ष ने अपनी भूमिका सही ढंग से निभाई होती, तो देश आज विकास के और भी ऊंचे पायदान पर होता।

सम्मेलन के दौरान उन्होंने यूजीसी और विदेशी फंडिंग के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल विदेशी धन के दम पर आंदोलन चला रहे हैं। उन्होंने 'कॉकरोच पार्टी' शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि इन्हें बाहर से फंडिंग मिल रही है और इनके आंदोलन स्वदेशी नहीं बल्कि विदेशी ताकतों द्वारा संचालित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर समाज को बांटने वाले लोगों और वाई-प्लस सुरक्षा लेकर घूमने वाले व्यक्तियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने सरकार से मांग की कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर भाजपा नेता हरीश चौधरी के फार्म हाउस पर उतरा, जहां स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर करतार गुर्जर, प्रताप गुर्जर और नवीन भाटी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।