पटना । शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणामों की प्रतीक्षा के बीच मंगलवार को मतगणना केंद्र पर भारी हंगामा हुआ। बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में स्थापित मतगणना केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर प्रत्याशियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मतगणना केंद्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। जिसके विरोध में कांग्रेस प्रत्याशी संजय यादव मतगणना केंद्र के भीतर ही धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस प्रत्याशी के साथ-साथ जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह और डॉ. संजीव कुमार ने भी मतगणना की पारदर्शिता पर संदेह व्यक्त किया। प्रत्याशियों का मुख्य आरोप यह है कि जिन टेबलों पर मतों की गिनती की जा रही है, वहां सीधे तौर पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं है। उम्मीदवारों ने मांग की कि जब तक प्रशासन इस प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।

विवाद बढ़ता देख पटना के जिलाधिकारी सह सहायक निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने मोर्चा संभाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी मतगणना प्रक्रिया भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कड़े दिशा-निर्देशों के तहत ही संचालित की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस विशिष्ट चुनाव प्रक्रिया में सीसीटीवी कैमरों के स्थान पर वीडियोग्राफी कराने का प्रावधान है, जिसका पालन किया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सभी प्रत्याशियों को मतगणना शुरू होने से पहले ही इन नियमों और व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से सूचित कर दिया गया था। हालांकि, प्रत्याशी अभी भी निगरानी के मौजूदा स्तर से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन के कारण मतगणना केंद्र पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन सुरक्षा बलों और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद प्रक्रिया को सुचारू रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सबकी नजरें चुनाव परिणाम और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।