नई दिल्ली। व्यापारिक संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा से मुलाकात की। सीटीआई ने चोपड़ा को ब्रांड एंबेसडर बनाने का प्रस्ताव दिया है। मुलाकात के बाद सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि नीरज चोपड़ा को सीटीआई का ब्रांड एंबेसडर बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।
व्यापारी वर्ग खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और सहयोग देने में आगे रहने को तैयार है। चोपड़ा के साथ सीटीआई पदाधिकारियों ने हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह, गोलकीपर श्रीजेश, कुश्ती में रजत पदक विजेता रवि दहिया, महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया, रानी रामपाल और बॉक्सिंग की खिलाड़ी लवनीना बोरगोहेन से भी मुलाकात की।
खिलाड़ियों को बताया कि दिल्ली सरकार भी स्पोर्ट्स सेक्टर में काफी कुछ रह रही है। दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है। कई स्कूलों और स्टेडियम की हालत में सुधार किया है। समय-समय पर खिलाड़ियों का सहयोग किया जा रहा है। कुछ ही वर्षों में दिल्ली ओलंपिक खेलों में जीतने वाले दमदार चैंपियन खिलाड़ियों को पैदा करने वाली फैक्टरी बन जाएगी।

