दुबई भेजने के नाम पर गाज़ियाबाद के युवक से ठगी, पासपोर्ट भी ले लिया

fraud

मेरठ। दुबई भेजने के नाम पर युवक से ठगी कर ली गई। आरोपित ने उसका पासपोर्ट भी ले लिया। रुपये और पासपोर्ट मांगने पर आरोपित धमकी दे रहा है। अब फोन उठाना भी बंद कर दिया है। शुक्रवार को पीड़ित थाने पहुंचा और पुलिस से शिकायत की।

गाजियाबाद निवासी उजाले नोएडा में एक स्पोर्ट्स कंपनी में काम करता है। उसके साथ नोएडा निवासी आसिफ भी काम करता है। उसने उजाले को दुबई भेजने की बात कहते हुए कोतवाली क्षेत्र निवासी जावेद से मुलाकात कराई।

जावेद ने 35 हजार रुपये में दुबई भेजने की बात कही। उजाले ने उसे 30 हजार रुपये दे दिए और पासपोर्ट भी जमा करा दिया। काफी समय तक जब वीजा नहीं मिला तो उसने तकादा किया और पासपोर्ट मांगने पर जावेद ने धमकी दी। जावेद उसे दो साल से टरका रहा है।

शुक्रवार को पीड़ित सदर बाजार थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी ने मामला कोतवाली का बताते हुए भेज दिया। इसके बाद वह कोतवाली पहुंचा और तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी कई लोगों से ठगी कर चुका है।

advertisement at ghamasaana