महाकुंभ में सीएम योगी और भूटान नरेश ने डुबकी लगाई

mahakumbh

प्रयागराज l प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने संगम तट पर पावन डुबकी लगाई। गंगा पूजन और आरती के बाद दोनों विशिष्ट अतिथि लेटे हनुमान मंदिर और अक्षयवट के दर्शन के लिए रवाना हुए।

सीएम योगी और भूटान नरेश लखनऊ से विमान द्वारा बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से होते हुए महाकुंभ स्थल पर पहुंचे। अरैल घाट से नाव के जरिए संगम नोज पर पहुंचे और पवित्र स्नान किया। इस दौरान भूटान नरेश ने सीएम योगी के साथ पक्षियों को दाना भी खिलाया और यादगार फोटो खिंचवाई।

सीएम योगी के दौरे को देखते हुए लेटे हनुमान मंदिर और अक्षयवट को श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। ये स्थल शाम 4 बजे के बाद पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। आगामी 5 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाकुंभ आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए सीएम योगी हेलीपैड से लेकर संगम नोज तक की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।

महाकुंभ का आज 23वां दिन है और अब तक करीब 37 करोड़ श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। केवल आज सुबह 10 बजे तक ही 42 लाख लोगों ने स्नान किया। वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर कल 2.33 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया।

29 जनवरी को भगदड़ की अफवाह फैलाने के आरोप में प्रयागराज पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर X (पूर्व ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर भ्रामक वीडियो-फोटो अपलोड करने का आरोप है।

वकीलों और पुलिस के बीच झड़प
सीएम योगी के दौरे के दौरान हिंदू हॉस्टल चौराहे पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग किए जाने पर एक वकील और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हो गई, जिसके दौरान एक पुलिसकर्मी ने वकील को पीट दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कई वकील घटनास्थल पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप कर जाम हटवाया। प्रत्यक्षदर्शी वकील आदित्य राज गोस्वामी के अनुसार, इस घटना को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई जा रही है।

#mahakumbhmela #mahakumbh2025

advertisement at ghamasaana