
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे और श्रीमती सोनिया गांधी जी श्री राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी व श्री के.सी. वेणुगोपाल ने उन्हें दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त करके जो भरोसा और विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने और संगठन को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और राजधानी में अपने 15 साल के शासन के दौरान कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए चहुंमुखी विकास कार्यों और प्रगति की मिसाल की यादों और दिल्ली के लोगों के अनुभव को जागृत करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्साहित करें।
श्री अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक हमारे प्रिय नेता श्री राहुल गांधी की 4000 किमी से अधिक लंबी ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़े पैमाने पर देश के लोगों के बीच नई आशा और उत्साह जागृत हुआ है और इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और दिल्ली के लोगों में भी उत्साह की एक नई लहर पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले कांग्रेस सरकार के विकासोन्मुख, प्रगतिशील शासन को याद करते हैं, जिसने अपने 15 साल पुराने शासन के दौरान एक स्थायी विरासत छोड़ी थी और दिल्ली में कांग्रेस को एक बार फिर सत्ता में लाने के लिए दिल्ली के हर घर तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा।
श्री अरविन्दर सिंह लवली कॉलेज के दौरान से ही छात्र राजनीति में सक्रिय थे, जिसके बाद दिल्ली युवा कांग्रेस जिला में महासचिव बने, 1990 में प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव रहे, फिर 1992 से 1996 तक नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के महासचिव के रूप में कार्य किया। 1998 में पहली बार गांधी नगर विधानसभा से चुनाव जीते थे इसके बाद 2003, 2008 और 2013 सहित चार बार विधायक रहे। दिल्ली सरकार में शहरी विकास मंत्री, राजस्व, शिक्षा, परिवहन, पर्यटन, भाषा, गुरुद्वारा चुनाव व स्थानीय निकाय एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जैसे मंत्री के अहम पदों की जिम्मेदारी निभाई। श्री अरविंदर सिंह लवली पूर्व में भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। उनके एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह व खुशी का माहौल है।
श्री अरविन्दर सिंह लवली ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में दिल्ली के बुनियादी ढांचे, मौजूदा परिस्थितियों सहित हर क्षेत्र में गिरावट देखी आई है, जिसका कांग्रेस सरकार ने सर्वांगीण विकास किया था। हमारी दूरदर्शिता व योजनाओं द्वारा किए गए विकास व बहुउद्देशीय प्रगति लगभग हर क्षेत्र में रुक गई है, क्योंकि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने लोक कल्याण, सुशासन प्रदान करने की बजाय एक-दूसरे के साथ टकराव करके अपना समय और संसाधन बर्बाद कर दिया है।