लखनऊ। आगरा के एक इंटर कॉलेज में हिंदू विरोधी तर्कों पर लोगों में नाराजगी है। हिंदूवादियों का आरोप है कि यहां बच्चों को मंदिर का मतलब मानसिक गुलामी का रास्ता बताया जा रहा है। कॉलेज में हिंदू छात्र-छात्राओं को हाथ में कलावा और माथे पर तिलक लगाकर आने पर भी रोक है। कॉलेज में जनेऊ धारण करने वालों पर रोक लगाई गई है। इन्हीं आरोपों को लेकर हिंदूवादियों ने कॉलेज प्रबंधक के खिलाफ एत्माद्दौला थाने में तहरीर दी है।
एत्माद्दौला के टेढ़ी बगिया स्कूल का मामला एत्माद्दौला क्षेत्र के टेढ़ी बगिया में मां बैकुंठी देवी सर्वोदय इंटर कॉलेज है। हिंदूवादी नेता पवन समाधिया ने कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है कि कॉलेज में सनातन धर्म का अपमान किया जा रहा है। कॉलेज में लिखा है कि मंदिर का मतलब मानसिक गुलामी का रास्ता होता है। मंदिर की घंटी हमें संदेश देती है कि हम धर्म, अंधविश्वास, पाखंड और मूर्खता की ओर बढ़ रहे हैं।
कॉलेज में कोई भी छात्र-छात्रा हाथ में कलावा बांधकर और माथे पर तिलक लगाकर नहीं आ सकता। जनेऊ धारण करने पर भी रोक है। कॉलेज में छात्र-छात्राओं से जबरन हिंदू और सनातन धर्म के विरोध में नारे लगवाए जाते हैं । अभिभावक जब इसकी शिकायत करते तो बच्चों को स्कूल से निकालने की धमकी दी जाती है।

