मुंबई। वैश्विक महामारी कोरोना ने फिर महाराष्ट्र की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के अहमदनगर जिले में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। इसको देखते हुए प्रशासन ने 13 अक्तूबर तक जिले के 61 गांवों में अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़ पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है।
मेडिकल और किराना को छोड़ दुकानों के शटर डाउन कर दिए गए हैं। साथ ही, एक जगह पर पांच से अधिक लोगों के जमा होने पर पाबंदी लगा दी गई है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि संक्रमण यहां से नासिक और पुणे में न बढ़े, इसलिए पाबंदी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि अहमनगर जिले की दो तहसीलों का क्षेत्र नासिक और पुणे से सटा हुआ है।
अहमदनगर के जिलाधिकारी राजेन्द्र भोसले ने बताया कि जिले में कुल 14 तहसील है जिसमें से 11 तहसील कोरोना संक्रमण की चपेट में है। संक्रमण दर 5 फीसदी है। बीते 24 घंटे में 424 मरीज मिले हैं, जबकि रोजाना 400 से लेकर 800 मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा, राहत की बात यह है कि तीर्थस्थल क्षेत्र जैसे शिर्डी, शनि शिंगणापुर, मोहाटा देवी, मढ़ी, राशीन, बुर्हाण नगर और केडगांव में कोरोना के मरीज नहीं पाए गए हैं।

