बागपत | उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संतोषपुर गांव निवासी विपिन उर्फ गोधू (30) की सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह बाघु मार्ग स्थित गन्ने के खेत से उसका शव बरामद हुआ। विपिन गांव में डेयरी चलाकर दूध बेचता था। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, विपिन सोमवार रात बागपत शहर से दूध की आपूर्ति कर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में शुगर मिल के पीछे बाघु मार्ग पर राजेन्द्र के नलकूप के पास अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया और ईंख के खेत में खींचकर ले गए। वहां दो गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
रात में जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह जब किसान देवेंद्र खेत में पहुंचा तो विपिन का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को सड़क पर एक जिन्दा गोली और घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं। इससे संकेत मिलते हैं कि हत्या से पहले विपिन और हमलावरों के बीच हाथापाई या संघर्ष हुआ होगा।
विपिन उर्फ गोधू अपने परिवार का पालन-पोषण डेयरी व्यवसाय से कर रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था और उसके परिवार में चार छोटे बच्चे हैं। विपिन की हत्या से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या की वजह लूट या आपसी रंजिश हो सकती है, हालांकि अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

