देवबंद : मंदिर परिसर में पथराव, दो सेवादार घायल, बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन

devband news

देवबंद। रामलीला मैदान स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर में रविवार को उस समय तनाव फैल गया जब क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद मंदिर परिसर में चली गई और सेवादारों ने उन्हें खेलने से रोका। घटना के कुछ ही देर बाद करीब 35-40 लोगों की भीड़ मंदिर परिसर के पास आ पहुंची और देखते ही देखते पथराव शुरू कर दिया।

इस हिंसक घटना में मंदिर के दो सेवादार विजय प्रजापति और अंश शर्मा घायल हो गए। पथराव से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी और अभिषेक त्यागी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच जारी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

advertisement at ghamasaana