बिजनौर में बोले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद – मुजफ्फरनगर दंगा याद है या भूल गए

बिजनौर। नूरपुर के खालसा इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोगों से कहा कि मुजफ्फरनगर दंगा याद है या भूल गए। उन्होंने कहा कि दंगे में सपा ने दंगाइयों को संरक्षण देने का काम किया था। अब प्रदेश में दंगे नहीं, विकास होता है। उन्होंने आगे कहा कि राममंदिर का विरोध करने वाले अब राममंदिर में माथा टेक रहे हैं। सरयु में डुबकी लगा रहे हैं। खुद को जनेऊधारी कह रहे हैं। यह भाजपा के विचारों की विजय है।

वह बुधवार को नूरपुर के खालासा इंटर कॉलेज में पीडब्ल्यूडी की 233 परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुजफ्फरनगर में दंगा हुआ। वह भी इसलिए कि एक भाई अपनी बहन को बचा रहा था।

उसकी हत्या कर दी गई और सपा नेताओं ने उन हत्यारों को छुड़ाने का काम किया। आप भूल गए या याद है। लेकिन अब दंगे नहीं, विकास होता है। एक समय था, जब गुंडे, माफिया सर उठाकर चलते थे, अब आम आदमी सर उठाकर चलता है। भाजपा सरकार में या तो गुंडे जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले घर छोड़ने की धमकी दी जाती थी, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। कावड़ यात्रा को लेकर कितना विरोध था, प्रतिबंध लग जाते थे, लेकिन अब कांवड़ियों पर फूल बरसते हैं और बिना डरे लोग खुलकर त्योहार मनाते हैं। आगे सवाल उठाते हुए कहा कि राममंदिर को लेकर लंबा इंतजार और लड़ाई लड़ी गई। पांच अगस्त का दिन था, जब रामंदिर का निर्माण शुरू हो गया।

अब राममंदिर बन रहा है तो अखिलेश, आवैसी की छाती क्यों फटती है। राम हम सबके पुरखे हैं। सपा, बसपा, रालोद व कांग्रेस लोगों को लड़ाकर सत्ता में आना चाहती हैं। विरोधी पार्टियां तुष्टीकरण की राजनीति करती हैं, जबकि भाजपा विकास की राजनीति करती है। सपा और बसपा शासन में केवल पांच जिलों में ही विकास होता था, जबकि भाजपा सरकार में सभी 75 जिलों में समान रूप से विकास कार्य हुए हैं।

advertisement at ghamasaana