पार्टी छोड़ते ही धर्म सिंह सैनी ने भाजपा नेतृत्व को ललकारा, एक कार्यकर्ता ने यह दिया जवाब

सहारनपुर। नकुड़ से विधायक डॉ. धर्म सिंह सैनी ने भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने के बाद बीजेपी शीर्ष नेतृत्व को चुनाव मैदान में ललकारा है। इस पर भाजपा से नकुड़ ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी ने पलटवार करते हुए धर्म सिंह सैनी पर जमकर हमला बोला है।

शुक्रवार को एक टीवी चैनल पर विधायक डॉ. धर्म सिंह ने बयान दिया कि मुझे टिकट कटने की चिंता नहीं है। भाजपा वाले कहते हैं कि मेरा टिकट कट रहा था। वह निर्दलीय भी अपने क्षेत्र से जीतकर आने वाले व्यक्ति हैं। टिकट की चिंता वह करें, जो बैकडोर एमएलसी बनकर सरकार और संगठन चलाने का काम करते हैं। यह लोग चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पाते हैं। उन्होंने भाजपा के लिए नकुड़ सीट खाली कर दी है। दम है तो मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष उनके सामने आएं और चुनाव लडे़ं।

वहीं, इस पर भाजपा के नकुड़ क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष करोड़ों लोगों का नेतृत्व करते हैं। धर्म सिंह सैनी ने इनकी बात छोड़ दें। पहले भाजपा के एक सामान्य कार्यकर्ता से मुकाबला करके दिखाएं। नकुड़ क्षेत्र की जनता के साथ धर्म सिंह सैनी ने धोखा किया है। लखनऊ में बैठकर फैसले लिए गए। जनता से एक बार भी नहीं पूछा। अपने स्वार्थ के लिए धर्म सिंह सैनी ने पाला बदला है। सुभाष चौधरी ने कहा कि हम भगवान श्री राम के वंशज हैं, जिस तरह भगवान श्री राम ने रावण को अहंकार को तोड़ दिया था। इसी तरह धर्म सिंह सैनी के अहंकार को तोड़कर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता धर्म सिंह सैनी से खुश नहीं थी और इनका टिकट कटने वाला था। इसी वजह से धर्म सिंह सैनी सपा में चले गए। भाजपा एक सामान्य कार्यकर्ता भी धर्म सिंह सैनी पर भारी पड़ेगा।

advertisement at ghamasaana