आईपीएल 2022 में शानदार प्रदर्शन के बल पर दिनेश कार्तिक ने एक बार फिर टीम इंडिया में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। दिनेश कार्तिक ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर आरसीबी की ओर से इस सीजन में छह पारियों में 197 की औसत से इतने ही रन बनाए हैं। कार्तिक ने इस दौरान 18 चौके और 14 छक्के भी जड़ चुके हैं। इतना ही नहीं दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नॉटआउट 66 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच चुने गए हैं। मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली ने दिनेश कार्तिक का इंटरव्यू लिया। कार्तिक ने साफ कहा कि आरसीबी के लिए वह अच्छा करना चाहते हैं, लेकिन उनका लक्ष्य टीम इंडिया में वापसी करने का है।
मैच के बाद विराट कोहली से बातचीत के दौरान दिनेश कार्तिक ने कहा, मैंने अपने खेल पर काफी मेहनत की है। मैं जानता हूं कि टी20 वर्ल्डकप आने वाला है और मैं टीम इंडिया में जगह बनाकर टीम को जिताना चाहता हूं। भारत ने लंबे समय से मल्टीनेशन टूर्नामेंट नहीं जीता है और मैं टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए ऐसा करना चाहता हूं।
दिनेश कार्तिक से इंटरव्यू के अंत में विराट ने कहा मैं यह पूरे दावे के साथ कह सकता हूं कि दिनेश कार्तिक वर्ल्ड कप में भारत की ओर से खेलने के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। मेरे लिए इस आईपीएल में दिनेश कार्तिक बेस्ट खिलाड़ी रहे हैं।

