देहरादून। सेलाकुई थाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड, अंकतालिका एवं पैन कार्ड बनाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। तीनों आरोपी यूपी के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से 10500 रुपये, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर और आठ आधार कार्ड बरामद हुए है।
खुलासा करते हुए थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) नीरज सेमवाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि सेलाकुई में एक गिरोह सक्रिय है। जो आधार कार्ड, पैन कार्ड, मार्कशीट आदि मे एडिटिंग कर फर्जी बनाकर लोगों से मोटे पैसे लेकर फर्जीवाड़ा कर रहा है। खुलासे के लिए टीम गठित की गई। जिसने जमनपुर सेलाकुई से आरोपी नाजिम निवासी ग्राम खगरिया थाना बरखेड़ा जिला पीलीभीत और अंकुर शर्मा निवासी अंबेडकर कॉलोनी ट्रांसफार्मर के पास कस्बा व थाना नगीना जिला बिजनौर को फर्जी प्रमाण पत्रों, पैन कार्ड, आधार कार्ड, अंकतालिका के साथ ही कंप्यूटर उपकरणों समेत गिरफ्तार किया।
एक आरोपी नावेद निवासी फतेहगंज जनपद बरेली उत्तर प्रदेश भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 6-7 महीने से सेलाकुई में किराए पर दुकान ली हुई थी। सेलाकुई क्षेत्र में बाहरी व्यक्ति जो कम उम्र के होते हैं, उनको उम्र बढ़ाकर आधार कार्ड बनाकर देते थे। जिससे वह फैक्टरी में आसानी से नौकरी लग जाए। जिसके पास अंक तालिका प्रमाण पत्र न हो और कम पढ़ा लिखा हो उसको फर्जी अंकतालिका, प्रमाण पत्र देकर मोटा पैसा लेते थे।

