एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की कार पर फायरिंग, दो युवक गिरफ्तार

हापुड़। पश्चिमी यूपी में तेज हो चुकी चुनावी सरगर्मी के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की कार पर गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पिलखुआ के पास छजारसी टोल प्लाजा के पास फायरिंग की गई। दो युवकों ने कार में नीचे की तरफ गोलियां चलाईं। इस दौरान समर्थकों ने एक हमलावर को दौड़ाकर पकड़ लिया और टोलकर्मियों को सौंप दिया। उसके पास से पिस्तौल बरामद हुई है।

घटना के कुछ घंटों के अंदर दूसरा हमलावर भी गिरफ्तार कर लिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। इसमें हमलावर को भागते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में दो युवक कैद हुए हैं। आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि वे ओवैसी के ‘हिंदू विरोधी’ बयानों के आहत थे। घटना के बाद ओवैसी दूसरी कार से दिल्ली रवाना हो गए। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि मेरी कार पर चार राउंड फायर हुए। 3-4 लोग थे, सब भाग निकले और हथियार वहीं छोड़ गए। गोली लगने से गाड़ी की टायर पंक्चर हो गई। हम महफूज हैं।

उनके काफिले में सवार युवक बाबा ने बताया कि ओेवैसी किठौर से हापुड़ होते हुए मेरठ जा रहे थे। इसी दौरान पिलखुवा के पास छजारसी टोल प्लाजा पर कार से आए हमलावरों ने फायरिंग की। घटना के बाद हमलावरों ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन खुद को घिरा देख  पैदल ही भागने लगे, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने पीछा करते हुए एक को दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। आरोपियों की पहचान सचिन निवासी बादलपुर गौतमबुद्ध नगर और शुभम निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि वे ओवैसी के ‘हिंदू विरोधी’ बयानों से आक्रोशित थे।

डीएम अनुज सिंह और एसपी दीपक भूकर ने बताया कि ओवैसी की कार पर गोली के दो निशान मिले हैं। सीसीटीवी की जांच की जा रही है। उधर, देर शाम आईजी मेरठ जोन प्रवीण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

advertisement at ghamasaana