मेरठ। पुलिस लाइन में रहने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाकर शिकायत की है। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी ने तीन साल की बच्ची को पहले थप्पड़ मारे और फिर पेट पर पैर रख दिया। पत्नी की क्रूरता को पति ने मोबाइल में कैद कर लिया।
कर्मचारी ने इसके बाद कप्तान आफिस पहुंचकर पत्नी की शिकायत की। आरोप है कि पत्नी के एक युवक से प्रेम संबंध हैं। इसलिए बच्चों के साथ मारपीट करती है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने पुलिस आफिस पहुंचकर अफसरों को बताया कि उसकी गैरमौजूदगी में पत्नी संभल जिले के एक युवक से फोन पर बातचीत करती है। युवक घर आकर पत्नी से मिलता भी है। दोनों बच्चे उन्हें बता देते हैं।
कर्मचारी का कहना है कि इसी खुन्नस में पत्नी बच्चों की पिटाई करती है। कर्मचारी ने पुलिस को वीडियो दिखाते हुए बताया कि पत्नी ने पहले तीन साल की बच्ची को दो थप्पड़ मारे और फिर पेट पर पैर रख दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि महिला के खिलाफ घरेलू हिंसा में कार्रवाई की जाएगी।

