सहारनपुर। शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने पर युवक की जान पर बन आई। युवक ट्रेन पर लटककर करीब 150 मीटर दूर तक घिसटता चला गया, जिसे देख आरपीएफ जवान ने दौड़ लगा दी और युवक को किसी तरह बचा लिया।
घटना मंगलवार की है। जयनगर-अमृतसर सरयू एक्सप्रेस सहारनपुर के प्लेटफार्म नंबर-5 पर आकर जैसे ही खड़ी हुई। ट्रेन से यात्री मूलचंद सामान लेने के लिए प्लेटफार्म पर उतरे। इतने देर में ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन की रफ्तार भी तेज हो गई। ट्रेन छूटने के डर से मूलचंद ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगे। तभी उसका पैर फिसल गया। जिसके बाद वह करीब 150 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटते हुए चला गया।
उसका आधा शरीर प्लेटफार्म और आधा हिस्सा ट्रेन के अंदर फंसा था। जिसके बाद प्लेटफार्म पर खड़े यात्रियों ने भी मूलचंद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए। यात्री दूर तक ट्रेन के साथ घिसटता हुआ चला गया। वहीं प्लेटफार्म नंबर-5 पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के हेड कांस्टेबल जावेद खान ने देखा तो मदद के लिए दौड़े। उन्होंने यात्री को दोनों हाथों में फंसाकर प्लेटफार्म पर खींच लिया। तभी ट्रेन भी रुक गई। इस घटना में यात्री को ज्यादा चोट नहीं आई है। उसे वापस उसी ट्रेन में बैठाकर भेज दिया गया।

