मुरथल से लौट रहे चार दोस्तों की स्कार्पियो हादसे का शिकार, तीन की मौत

bagpat accident

बागपत। मुरथल में जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे चार दोस्तों की स्कार्पियो बहालगढ़ फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। गाड़ी फ्लाईओवर के डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई और उसमें आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

मृतकों की पहचान बिनौली निवासी प्रिंस धामा (27 वर्ष) पुत्र रविंद्र धामा, आदित्य धामा उर्फ शेखर (24 वर्ष) पुत्र जितेंद्र धामा और सिरसली निवासी सचिन तोमर (22 वर्ष) पुत्र लोकेन्द्र के रूप में हुई है। हादसे में बिनौली निवासी विशाल पुत्र जजवेंद्र तोमर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कार्पियो फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराते ही पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसा इतना भीषण था कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग बुझाने के बाद युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन की मौत हो चुकी थी।

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर से बिनौली और सिरसली गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल विशाल का इलाज चल रहा है।

advertisement at ghamasaana