Gonda News: दो बच्चों संग रेलवे टावर पर चढ़ी महिला, प्रेमी के साथ रहने की मांग पर अड़ी

gonda tower news

उत्तर प्रदेश के गोंडा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने दो बच्चों के साथ करीब 150 फीट ऊंचे रेलवे टावर पर चढ़ गई। महिला लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर बच्चों के साथ बैठी रही और नीचे उतरने से इन्‍कार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी पहुंच गए।

महिला की पहचान तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार पथार निवासी गीता देवी के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि उसके पति राम लक्षन ने उसे छोड़ दिया है, जबकि उसका प्रेमी राम अकबाल सिंह भी अब उसके साथ नहीं रह रहा और न ही उसके भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता दे रहा है। महिला की मांग है कि उसे अपने प्रेमी के साथ रहने दिया जाए।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारी लगातार महिला को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि वह बच्चों समेत सुरक्षित नीचे उतर आए। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब गीता देवी किसी टावर पर चढ़ी हो। इससे पहले जून 2026 में भी वह कैसरगंज के पूर्व सांसद के जिला मुख्यालय स्थित विद्यालय परिसर में लगे टावर पर चढ़ गई थी। उस समय पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था।

पुलिस के अनुसार, महिला ने 26 मार्च 2026 को राम अकबाल सिंह के खिलाफ शारीरिक शोषण का मामला भी दर्ज कराया था। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारने पर है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घटनास्थल पर भीड़ न लगाएं और बचाव अभियान में सहयोग करें।

advertisement at ghamasaana