सहारनपुर । चुनाव खत्म होते ही सरकार एक्शन मोड में आ गई है। एटीएस ने देवबंद से तीन संदिग्ध युवकों को उठाया था, उनसे से एक इनामुलहक राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल था और उसके तार लश्कर ए तैयबा से जुड़े थे। एटीएस ने उसके खिलाफ थाना देवबंद में रिपोर्ट दर्ज कराकर उसे जेल भेज दिया है। उसके दो साथियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
एटीएस ने बताया कि इनामुलहक गांव पटना थाना गवा जनपद गिरडीह झारखंड का निवासी है और विभिन्न धार्मिक स्थानों पर विस्फोट की घटना को अंजाम देने की कोशिश में था। वह सोशल मीडिया और एक व्यक्ति के माध्यम से लश्कर.ए.तैयबा के आतंकियों के संपर्क में था और उनसे हथियार व ट्रेनिंग प्राप्त करना चाहता था।
बताया गया कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश के लोगों से जिहाद के संबंध में जुड़ा था। उससे एक आधार, दो पैन कार्ड, एटीएम, चार सिम, एक मोबाइल फोन और मैमोरी कार्ड बरामद हुए हैं। उसके साथी मोहम्मद फुरकान व नबील खान निवासी मुजफ्फरनगर के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

