Saharanpur news : भारत सरकार लिखी स्कार्पियो कार ने दो युवकों को रौंदा, मौत

accident

सहारनपुर। महानगर में जीपीओ रोड पर बुधवार की देर रात तेज रफ्तार से स्कार्पियो कार दौड़ा रहे चालक ने दो युवकों को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। थोड़ी देर पहले ही स्कार्पियो चालक की दोनों युवकों के साथ कहासुनी हुई। आशंका जताई जा रही है कि साजिश के तहत दोनों युवकों को रौंदा गया है। आरोपी कार लेकर फरार हो गया। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान कर खानआलमपुरा यार्ड से बरामद की, लेकिन चालक फरार हो गया। स्कार्पियो कार पर भारत सरकार लिखा हुआ है। यह कार रेलवे में किराए पर चलती थी।

नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पातालनगर निवासी चंद्रपाल उर्फ रिंकू मच्छी (42) पुत्र सतपाल मेहरा और कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र गोविंदनगर निवासी अमन सूद (32) पुत्र किशन लाल बुधवार की रात रेलवे स्टेशन की तरफ से जीपीओ रोड होते हुए पैदल घर लौट रहे थे। साढ़े 11 बजे पीछे से तेज रफ्तार से आई सफेद रंग की स्कार्पियो कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया। चालक कार लेकर मौक के से फरार हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत ही गई।

पता लगते ही कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और चंद्रपाल और अमन को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों कोहराम मच गया। परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।

दोनों युवकों की हत्या भी आशंका जताई जा रही है। चंद्रपाल के पिता सतपाल और बहन सरिता का आरोप है कि जिस कार ने टक्कर मारी है, उसके चालक से रेलवे स्टेशन के पास एक पान के खोके पर चंद्रपाल और अमन की कहासुनी हो गई थी। उनका आरोप है कि इसके चलते चंद्रपाल और अमन को टक्कर मारकर मौत के घट उतारा गया है। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली सदर बाजार में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान खानआलपुरा यार्ड से बरामद किया, जबकि चालक राघव निवासी जंधेड़ा समसपुर फरार हो गया।

छह माह पहले हुई थी रिंकू की पत्नी की मौत
चंद्रपाल मेहरा उर्फ रिंकू मच्छी की पत्नी की छह माह पहले ही कैंसर से मौत हो गई थी। चंद्रपाल के दो पुत्र हैं, जिसमें 18 वर्षीय बड़ा बेटा हर्ष मेहरा और 15 वर्षीय छोटा पुत्र तनिष्क मेहरा है। दोनों पुत्रों के सिर से माता-पिता के साया उठ गया। चंद्रपाल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। उधर, अमन एक दो वर्षीय पुत्र है। पति की मौत से पत्नी और परिवार सदमें हैं।

advertisement at ghamasaana